नेपाल से दिल्ली जा रही बस दुर्घटना में दो की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दु:ख
आई एन न्यूज़ लखनऊ ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद में सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित बुधवार को नेपाल से दिल्ली जा रही बस सड़क हादसे का शिकार हो गयी। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 23 यात्री गंभीर रुप से घायल हैं। वहीं, इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घायलों को समूचित इलाज मुहैया कराये जाने के निर्देश जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को दिया है।
■ हादसे में दो की मौत, 23 यात्री घायल
यह मार्ग दुर्घटना आगापुर बाईपास के पास बुधवार की सुबह आठ बजे हुआ है। नेपाल से यात्रियों को दिल्ली ले जा रही एक बस ट्रक से टक्करा गयी। भीषण सड़क हादसे में बस में सवार दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि 23 यात्री गंभीर रुप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस अधीक्षक रामपुर शिवहरि मीना ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि ट्रक का टायर फटने की वजह से यह टक्कर हुई है। बस में सवार सभी यात्री नेपाल के थे। घटना की जानकारी इनके परिवारों को दे दी गयी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सभी घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराये जाने के निर्देश जिला प्रशासन को दिया है।






