पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंड शबाब पर
आई एन न्यूज लखनऊ: पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के चलते पूरे यूपी के मैदानी इलाकों में ठंड अपने शबाब पर पहुंच गयी है। मुजफ्फरनगर में पारा 2.5 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे था। इसके अलावा बरेली व खीरी में भी कड़ाके की ठंड रही। इन दोनों जिलों में भी पारा में 5-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने की वजह से मौसम दिन-ब-दिन बदल रहा है। राजधानी लखनऊ के कुछ इलाकों में सुबह से ही बादल छाये रहे।
राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में गिरावट और कोहरे का बढ़ता प्रभाव प्रदेश के बा¨शदों को प्रभावित करने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में गिरावट का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रहने का अनुमान है। इस अवधि में आमतौर पर पश्चिमी इलाकों में बारिश के आसार हैं। इस दौरान कोहरा गहराने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में तापमान में और गिरावट आएगी और प्रदेश में सर्दी बढ़ेगी। राज्य के पश्चिमी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
हालांकि अन्य क्षेत्रों में खिली धूप दिन में राहत दे रही है। लगभग समूचे प्रदेश में शाम ढलने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट होने से सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। बीती रात को मुजफ्फरनगर में न्यूनतम पारा लुढ़क कर 2.5 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे था। बरेली में न्यूनतम पारा 6.3 डिग्री और खीरी में 6-6 डिग्री रिकार्ड हुआ। यह भी सामान्य से 5-5 डिग्री सेल्सियस नीचे था। इसके अलावा गोरखपुर और शाहजहांपुर में भी कड़ाके की ठंड पड़ी।
रविवार को हमीरपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा जहां अधिकतम पारा 22.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे था। इसके अलावा बरेली, उरई, गोरखपुर, वाराणसी, बहराइच, सुलतानपुर, इलाहाबाद, रायबरेली, झांसी, मेरठ, कानपुर नगर, खीरी, शाहजहांपुर और आगरा में भी काफी ठंड रही।





