आधुनिक भारत का केंद्र होगी काशी- प्रधानमंत्री मोदी

आधुनिक भारत का केंद्र होगी काशी- प्रधानमंत्री मोदी
वाराणसीमें अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र राष्ट्रको किया समर्पित, २७९ करोड़की योजनाओंका शिलान्यास

आई एन न्यूज वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आधुनिक भारत की तस्वीर अब काशी से तय होगी और यहां सुविधाओं, संसाधनों को इतना बेहतर कर दिया जायगा कि धर्म की नगरी आने वाले समय में आधुनिक भारत का केंद्र बन जायगी। प्राकृतिक गैस, रोजगार, आधुनिक सड़कें, परिवहन, व्यापार को जलमार्ग से जोडऩे, पर्यटन सहित कई ऐसे कार्य यहां हो रहे हैं, जिससे पूर्वांचल के साथ उत्तरी भारत समृद्घ होगा। यहां से संभावनाओं के द्वार खुलेंगे और कृषि सहित अन्य क्षेत्रों को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। वह शनिवार को बड़ा लालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में सिल्क फेबरिक सूत वस्त्र कालीन उत्पाद सम्मेलन के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों, उद्यमियों और पार्टी नेताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अब तक वाराणसी में किये गये कार्यों का ब्योरा रखते हुए कहा कि ऊर्जा गंगा, सड़क निर्माण, गंगा प्रदूषण, एलईडी लाइटिंग, रोजगार सृजन सहित कई कार्य होने से यहां रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं। पर्यटन में विकास हुआ है और आने वाले दिनों में यह बढऩा तय है। वाराणसी में कई कार्य हो रहे हैं और इनकी चर्चा देश-विदेश तक हो रही है। डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना, आवास, उज्ज्वला, स्वच्छता सहित अन्य अभियान का जिक्र किया और इससे लाभान्वित होने वाले लाभार्थियों की भी बात की। कहा कि काशी में ऐसी योजनाएं शुरू की गई हैं, जिससे इस शहर की सुंदरता और भव्यता में इजाफा होगा। वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ओडी, ओपी) प्लान का जिक्र किया और बताया कि इससे सभी शहर, जिले को अलग पहचान मिलेगी और वह आर्थिक रूप से समृद्घ होंगे। इस दौरान राज्यपाल राम नाईक, रेल और संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, उत्तर प्रदेश सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन मंत्री सत्यदेव पचौरी, सांसद डाक्टर महेंद्र नाथ पांडेय सहित अन्य प्रमुख लोग रहे।

Translate »
  1. ब्रेकिंग न्यूज़: ऊ०प्र०- जिले की हर छोटी बड़ी खबर लाइव देखने के लिए
  2. जुड़े रहे इंडोनेपालन्यूज़ के फेसबुक पेज से, शहर के हर छोटी बड़ी खबर हम आपको लाइव दिखाएंगे