चौक बाजार स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर पर उमड़े श्रद्धालुओ ने चढ़ाई आस्था की खिचड़ी।
आई एन न्यूज निचलौल डेस्क: मकर संक्रांति के पावन अवसर पर चौक बाजार स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर पर उमड़े श्रद्धालुओं ने आस्था की खिचड़ी चढ़ाई। भोर से ही स्थानीय व दूरदराज के श्रद्धालु मंदिर में खिचड़ी चढ़ाने के लिए कतार में लग गए तथा अपनी बारी की प्रतीक्षा करने लगे। बारी आई तो प्रतिमा के समक्ष गुड़, चावल व तिल का चढ़ावा चढ़ाया तथा पूजन-अर्चन किया। पूजन-अर्चन के बाद खिली धूप के बीच मेले का आनंद भी लिया। मिनी गोरखनाथ मंदिर के नाम से प्रसिद्ध चौक मंदिर की ख्याति दूर-दूर तक है । जिसकी वजह से स्थानीय व जिले के बाहर से युवा, बुजुर्ग व महिला वर्ग के श्रद्धालुओं के आने का क्रम रात से ही शुरू हो गया था। भोर से शुरू हुआ खिचड़ी चढ़ाने का क्रम सायं तक जारी रहा। मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन के बाद मंदिर परिसर में सजे मिठाई, श्रृंगार व खिलौने के दुकानों पर खरीदारी की तथा इसके बाद सहयोगियों अथवा परिवार के साथ मेले का आनंद उठाया। उप जिलाधिकारी देवेंद्र कुमार, तहसीलदार, पुलिस उपाधीक्षक निचलौल रणविजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंह यादव के साथ महिला थाने से आईं पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा के दृष्टिगत मेले पर अपनी सतर्क दृष्टि बनाए रखी।





