पुलवामा हमले पर प्रियंका वाड्रा की मोदी सरकार से अपील,‘अब न हो इस घटना की पुनरावृत्ति’
आई एन न्यूज ब्यूरो श्रीनगर: दक्षिण कश्मीर के अवंतीपोरा जिले में सीआरपीएफ के काफिले पर हमले की निंदा करते हुए, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को हताहतों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त की और नरेंद्र मोदी सरकार से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया। खबर लिखे जाने तक 40 जवानों के शहीद होने की पुष्टि की जा चुकी थी।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में आतंकवादी हमले में लगभग 40 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान शहीद हो गए और कई अन्य घायल हो गए। शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया है कि आतंकवादियों द्वारा इस्तेमाल किया गया वाहन महिंद्रा स्कॉर्पियो था, जिसमें 350 किलोग्राम से अधिक विस्फोटक था।
जैश-ए-मोहम्मद ने हमले की जिम्मेदारी ली है और हमलावर की पहचान स्थानीय आतंकवादी के रूप में की गई है।
प्रियंका ने कहा कि “जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में एक आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ। मैं परिवार में किसी प्रियजन को खोने के दर्द और दुःख को अच्छी तरह से समझ सकती हूं। मैं यह कहना चाहती हूं कि न केवल कांग्रेस पार्टी बल्कि पूरा देश हमारे बहादुर सैनिकों के परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
उन्होंने कहा, ‘हमें कश्मीर में हताहतों की संख्या के बारे में भी चिंतन करना चाहिए। हम मांग करते हैं कि यह सरकार भविष्य में होने वाले ऐसे आतंकी हमलों को सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए”।
प्रियंका आज लखनऊ में मीडिया को संबोधित करने वाली थीं। हालांकि, हमले के मद्देनजर प्रेस मीटिंग रद्द कर दी गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बम विस्फोटकों से भरी एक कार सीआरपीएफ की बस में जा घुसी, जो जम्मू से श्रीनगर आ रही 2500 लोगों की सेना के काफिले का एक हिस्सा थी।





