ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो!’: जंतर-मंतर पर बवाल, सड़कों पर उतरे हजारों छात्र-नेता

‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो!’: जंतर-मंतर पर बवाल, सड़कों पर उतरे हजारों छात्र-नेता
आई एन न्यूज ​नई दिल्ली डेस्क: दिल्ली-एनसीआर में चुनावी प्रक्रियाओं (SIR) के विरोध और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। रविवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के नेतृत्व में विभिन्न छात्र संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं ने एक विशाल ‘नागरिक मार्च’ का आयोजन किया।
​यह नागरिक मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहा था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे और कई आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं व प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है।
​​प्रदर्शनकारियों का मुख्य आरोप है कि निर्वाचन आयोग की नीतियां और हालिया कदम लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े करते हैं। मार्च में शामिल सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग की है।
​​नागरिक मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने इंडिया गेट और जंतर-मंतर के आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कई जगहों पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका गया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर अलग-अलग थानों में भेजा है।
​इस मार्च के कारण मध्य दिल्ली के कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
(स्रोत सोशल मीडिया)


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *