जंतर-मंतर पर संसद मार्च से पहले बवाल: प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, कई नेता रोके गए; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जंतर-मंतर पर संसद मार्च से पहले बवाल: प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, कई नेता रोके गए; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आई एन न्यूज नई दिल्ली डेस्क। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच सोमवार को प्रस्तावित संसद मार्च से पहले माहौल तनावपूर्ण हो गया। संसद की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को पीछे खदेड़ दिया।
जंतर-मंतर और उसके आसपास के इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संसद मार्ग की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है, जबकि पुलिस और आरपीएफ के जवान बड़ी संख्या में तैनात हैं। वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोले से लैस वाहन भी मौके पर मौजूद हैं।
प्रदर्शन के दौरान आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आज़ाद और तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा भी जंतर-मंतर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों की आरपीएफ कर्मियों से झड़प हो गई, जिसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियों का इस्तेमाल किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई। हालांकि, संसद की ओर मार्च की कोशिश करने वाले कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया।
इस बीच आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से रोका गया और उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। वहीं, कालकाजी क्षेत्र की निगम पार्षद आशु ठाकुर को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अभिनेता प्रकाश राज भी प्रदर्शन स्थल पर मौजूद रहे और प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया।
प्रदर्शन के मद्देनजर जंतर-मंतर क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
उधर, सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की हालत स्थिर बताई गई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संकेत सामान्य हैं और जांच रिपोर्ट भी संतोषजनक आई है।
फिलहाल जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
(सूत्र सोशल मीडिया)



