चेक बाउंस पर एक माह में जेल की होगी सजा
!
आई एन न्यूज नई दिल्ली डेस्क
अब चेक बाउंस होने पर पहले के मुकाबले कड़ी सजा मिलेगी। एक माह के भीतर जेल की सजा मिल सकती है। केंद्र सरकार इस बाबत जल्द ही चेक बाउंस के कानून में बदलाव कर कड़ी सजा का यह प्रावधान लागू करने की तैयारी में है। यह सुझाव व्यापारियों के एसोसिएशन ने सरकार को दिया था। एसोसिएशन बजट तैयार किए जाने से पहले वित्त मंत्रालय के बड़े अधिकारियों से मुलाकात कर रही है।
कारोबारी वोट बैंक को बनाए रखना अहम वजह
इससे सीधा फायदा कारोबारी वर्ग को होगा। दरअसल, अधिकांश मामलों में चेक बाउंस होने के डर से व्यापारी ग्राहकों से चैक लेने में कतराते हैं। इसलिए व्यापारियों का सुझाव है कि चेक बाउंस की स्थिति से बचने के लिए इससे संबंधित कानून में और अधिक सख्त सजा का प्रावधान किया जाए। बता दें कि कारोबारी वर्ग भाजपा का पारंपरिक वोट बैंक माना जाता है। ये व्यापारी पीएम मोदी की नोटबंदी की घोषणा किए जाने के बाद से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। ऐसे में सरकार इस नियम को कड़ा कर इन्हें राहत देने की तैयारी में है। व्यापारी ज्यादा से ज्यादा कैश स्वीकार किए जाने के पक्ष में हैं। लेकिन इससे पहले व्यापारी वर्ग सरकार की ओर से आश्वस्त हो जाना चाहता है।
विधेयक पेश हो सकता है
एक सूत्र ने बताया कि ट्रेडर एसोसिएशन ने वित्त मंत्रालय को सुझाव दिया है कि चेक के बाउंस होने के मामले में सजा के तौर पर इसे इशू करने वाले शख्स को एक महीने के अंदर जेल भेज दिया जाना चाहिए। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि सरकार इस सुझाव पर विचार कर रही है या नहीं। मगर सूत्रों का कहना है कि सरकार इस पर विचार कर रही है। चेक बाउंस के मामलों में दी जाने वाली सजा सख्त कर सकती है। इसके लिए संसद के बजट सत्र में एक विधेयक भी पेश किया जा सकता है। इसे उत्तर प्रदेश और पंजाब विधानसभा चुनावों में व्यापारियों को लुभाने वाला एक कदम भी माना जा रहा है।





