ठूठीबारी में वकील के साथ अमानवीय व्यवहार, अधिवक्ताओं में आक्रोश
ठूठीबारी में वकील के साथ अमानवीय व्यवहार,अधिवक्ताओं में आक्रोश
आई एन न्यूज ठूठीबारी डेस्क:
ठूठीबारी बाइपास से अतिक्रमण हटाने के दौरान ठूठीबारी पुलिस द्वारा एक अधिवक्ता के साथ अमानवीय व्यवहार किये जाने के कारण जिलेभर के अधिवक्ताओं में खासा आक्रोश है इस आक्रोश को दबाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। घटना का वीडियो भी वायरल हो चुका है। जिसमे पुलिस का तांडव दिख रहा है।
शनिवार की दोपहर ठूठीबारी के झरही बंधा पर बनाये जा रहे बाइपास को लेकर अतिक्रमण हटाये जाने का काम चल रहा था। उसी बंधे पर अधिवक्ता जगदम्बा राज जायसवाल का भी मकान है। अपने मकान के पीछे वह भी हटाये जा रहे अतिक्रमण की निगरानी कर रहे थे। उनके मकान का पिछला हिस्सा भी बंधा से लगा हुआ है। ऐसे में कोतवाली के एक सब इंस्पेक्टर द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग कर उन्हें भागने को कहां गया। जिस पर अधिवक्ता ने मर्यादित भाषा प्रयोग करने की बात कही। वही नवागत प्रभारी निरीक्षक की उपस्थिति में अधिवक्ता को पकड़ उनकी बर्बरता से पिटाई शुरू कर दी। उनकी मां सुमित्रा देवी ने जब इसका विरोध किया तो उनपर भी लाठियां चटका दी गई। जिससे उनके बाएं हांथ के अंगूठे पर चोट आई है। अधिवक्ता जगदम्बा राज जायसवाल ने बताया कि बंधे पर जो दुर्व्यवहार उनके साथ किया गया वह तो सभी लोगो ने देखा पर कोतवाली में ले जाकर उन्हें बेल्ट से पिटाई की गई। जिसके कारण उनके दाहिने आंख में गंभीर चोट, बाएं हांथ व पीठ पर भी गम्भीर चोंटे आयी है। इस पुलिसिया कृत्य से जनपद के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। वही ग्रामवासी उच्चाधिकारियों से अविलम्ब दोषियों पर कार्यवाही की मांग कर रहे है।
दो सिपाही निलंबित—
अधिवक्ताओं के आक्रोश को दबाने के लिए इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने दो सिपाहियों को निलंबित करते हुए कहा है कि एक वीडियो थाना ठूठीबारी का वायरल हो रहा है जिसमें एक व्यक्ति की पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की हो रही है और मारपीट हो रही है।
उपरोक्त प्रकरण में क्षेत्राधिकारी निचलौल के द्वारा जांच में पाया गया कि 2 सिपाही ,आशुतोष कुमार और शशिकांत के द्वारा उक्त व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार किया गया था ,इसलिए दोनों को निलंबित किया गया है।
महाराजगंज उत्तर प्रदेश।





