मधेशियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ा, पांच गिरफ्तार – मझगांवा गांव में नहीं हो पायी जनसभा
मधेशियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ा, पांच गिरफ्तार
– मझगांवा गांव में नहीं हो पायी जनसभा
– मर्चवार क्षेत्र में लगायी गयी धारा के 144 के तर्ज पर पाबंदी
– अलग प्रदेश की मांग करने वाले प्रमुख कार्यकर्ता भूमिगत
आईएन न्यूज ब्यूरो, नेपाल (मर्चवार ), धर्मेंद्र चौधरी की रिपोर्ट –
नेपाल के रुपंदेही जिले के मर्चवार क्षेत्र में स्थित मझगांवा गांव में शनिवार की सुबह से ही अफरा तफरी का माहौल रहा। स्वतंत्र मधेशी गठबंधन के तत्वावधान में अलग मधेश प्रदेश की मांग को लेकर पूर्व निर्धारित जनसभा को नेपाली प्रशासन ने बल का प्रयोग कर रोक दिया। वहां जुटे मधेशी कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने दोपहर करीब बारह बजे लाठी चार्ज कर दिया। जिससे वहां भगदड़ मच गयी। भगदड़ को देख आसपास की दुकानें बंद हो गयी। सैकड़ो की संख्या में आये पुलिस कर्मियों ने आसपास के गावों में भी सघन जांच अभियान चलाया। मिली खबर के मुताबिक अलग प्रदेश की मांग कर रहे पांच मधेशी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही मझगांवा व आसपास के गांवों में धारा 144 की तरह नियम कानून लगाये हैं। जहां भी पांच या उससे अधिक लोग एकत्र हैं, पुलिस उन पर कार्रवाई कर रही है। नेपाली प्रशासन की बल पूर्वक कार्यवाही को देखते हुये अलग प्रदेश की मांग करने वाले प्रमुख मधेशी कार्यकर्ता भूमिगत हो गये हैं। दूसरी तरफ मझगांवा में आयोजित आंदोलन में शामिल होने आ रहे स्वतंत्र मधेश गठबंधन केंद्रीय स्तर के नेताओं को नेपाली प्रशासन ने भैरहवा में ही रोक दिया है। नेपाली प्रशासन ने गठबंधन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाक्टर सीके राउत की सिरसा स्थित जेल में रखे रहने की मियाद भी अनिश्चित काल के लिये बढ़ा दिया है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक नेपाल के मर्चवार क्षेत्र के चप्पे चप्पे पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गयी है। माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।





