पुलिस ने अवैध मिश्रित पेट्रोल से भरे टैंकर किया जप्त, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अवैध मिश्रित पेट्रोल से भरे टैंकर किया जप्त, दो आरोपी गिरफ्तार
आई एन न्यूज निचलौल डेस्क:
अवैध पेट्रोल तस्करी पर निचलौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सफेद टैंकर को जप्त किया है, जिसमें सॉल्वेंट मिश्रित पेट्रोल भरा हुआ था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति इस अवैध मिश्रित पेट्रोल को किसी पेट्रोल पंप तक पहुंचाने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही थाना निचलौल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टैंकर को घेराबंदी कर रोका और उसकी जांच की। जांच के दौरान चालक से पूछताछ करने पर यह पुष्टि हुई कि टैंकर में भरे पेट्रोल में सॉल्वेंट की मिलावट की गई है। इस मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया और सप्लाई इंस्पेक्टर को भी अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने जानकारी देते हुए बताया कि अवैध रूप से पेट्रोल में सॉल्वेंट मिलाकर बिक्री करने वाले गिरोह के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा,”इस मामले में गहराई से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से पेट्रोल की अवैध तस्करी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध मिश्रित पेट्रोल कहां-कहां सप्लाई किया जाता था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





