बचपन की पाठशाला शिशु मंदिर पहुंचे हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिकेत, बच्चों को दिए प्रेरणादायक संदेश
बचपन की पाठशाला शिशु मंदिर पहुंचे हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिकेत, बच्चों को दिए प्रेरणादायक संदेश
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क : कस्बे के प्रतिष्ठित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में आज सुबह एक विशेष अवसर देखने को मिला, जब हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिकेत जायसवाल अपने बचपन के विद्यालय पहुंचे। विद्यालय पहुंचते ही बच्चों और प्रबंधन द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। बच्चों ने ताली बजाकर एवं बैच लगाकर उनका अभिनंदन किया। वंदना और स्वागत गीत की सुंदर प्रस्तुति ने माहौल को भावनात्मक बना दिया।
शिशु मंदिर के प्रबंधक एवं समाजसेवी सुधाकर जायसवाल ने डॉ. अनिकेत जायसवाल को पुष्पमाला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया। इस मौके पर डॉ. अनिकेत ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “सरस्वती शिशु मंदिर ही एक ऐसा विद्यालय है जहां बच्चों में संस्कार डाले जाते हैं। यहीं से व्यक्ति निर्माण और समाज निर्माण की नींव रखी जाती है।”
उन्होंने बच्चों से पूछा, “कितने बच्चे अपने माता-पिता का पैर छूकर विद्यालय आते हैं?”, तो अधिकांश बच्चों ने हाथ उठाकर इसका सकारात्मक उत्तर दिया, जिससे उनका चेहरा खिल उठा। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, माता-पिता का सम्मान और कड़ी मेहनत की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक सुधाकर जायसवाल ने कहा कि “मैंने भी अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी शिशु मंदिर से प्राप्त की है। समय और आवश्यकता को देखते हुए अब विद्यालय में प्राथमिक स्तर पर सीबीएसई पैटर्न की शिक्षा देने की व्यवस्था की जा रही है।”
इस अवसर पर जायसवाल समाज के अध्यक्ष उमाशंकर जायसवाल, समाजसेवी राजाराम जायसवाल सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में आज का यह आयोजन बच्चों और अभिभावकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





