कोरोना का दहशत: सोनौली बॉर्डर पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही मिल रही प्रवेश की अनुमति
कोरोना का दहशत: सोनौली बॉर्डर पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही मिल रही प्रवेश की अनुमति
आई एन न्युज सोनौली डेस्क: भारत-नेपाल के बीच स्थित सोनौली सीमा पर एक बार फिर कोरोना संक्रमण को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले यात्रियों की एसएसबी जवानों द्वारा प्रारंभिक जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम थर्मल स्क्रीनिंग कर रही है। रिपोर्ट सामान्य पाए जाने पर ही यात्रियों को भारत में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। वहीं भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों की भी नेपाली सीमा पर थर्मल स्कैनिंग की जा रही है।
खुली सीमा होने के कारण दोनों ओर से आवागमन लगातार बना हुआ है, जिसको देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट मोड में काम शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने सीमा पर दो तकनीशियन तैनात किए हैं, जो स्क्रीनिंग कार्य में लगे हुए हैं।
रतनपुर सीएचसी के प्रभारी डॉक्टर सुरेन्द्र कुमार के निर्देशन में लैब टेक्नीशियन तरुण तिवारी और एक्सरे टेक्नीशियन सुधीर सिंह यात्रियों की जांच कर रहे हैं। डॉक्टर कुमार ने बताया कि किसी भी यात्री में खांसी, बुखार या अन्य संदिग्ध लक्षण पाए जाने पर उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया जाएगा और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे संभावित संक्रमण को फैलने से रोका जा सकेगा।
स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी दो पालियों में लगाई गई है ताकि जांच कार्य में कोई बाधा न आए। अब तक कुल 103 यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की इस सतर्कता से सीमा क्षेत्र में एक बार फिर कोरोना को लेकर जागरूकता और सतर्कता दोनों बढ़ी है। महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





