सोनौली में मिट्टी खनन माफियाओं का तांडव! तीन स्थानों से खुलेआम जेसीबी से खनन, प्रशासन मौन
सोनौली में मिट्टी खनन माफियाओं का तांडव! तीन स्थानों से खुलेआम जेसीबी से खनन, प्रशासन मौन
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क :
सोनौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत तीन अलग-अलग स्थानों से इन दिनों बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी खनन का धंधा तेजी से चल रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से नगर क्षेत्र में स्थित गड्ढों और अन्य व्यावसायिक स्थलों को पाटने का कार्य जोरों पर है। खनन माफियाओं ने खुलेआम इस काम का ठेका ले रखा है और मनमानी कीमत लेकर मिट्टी की आपूर्ति कर रहे हैं।
खास तौर पर लक्ष्मी नगर के टोला खजुरिया क्षेत्र स्थित नदी के किनारे की भूमि को जेसीबी मशीनों से खोदकर मिट्टी ट्रैक्टर-ट्रालियों पर लादकर नगर में बेची जा रही है। स्थिति इतनी गंभीर है कि अगर यह कार्य यूं ही चलता रहा तो बरसात के दिनों में नदी की धारा लक्ष्मी नगर के टोला की ओर मुड़ सकती है, जिससे क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगेगा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने इस अवैध खनन की शिकायत कई बार पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से की, लेकिन न तो कोई कार्रवाई हुई और न ही खनन पर रोक लगी। उल्टे, शिकायत करने वालों को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है, जिससे लोग डरे-सहमे हैं और मजबूरीवश चुप्पी साधे हुए हैं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस मार्ग पर पुलिस की 24 घंटे निगरानी रहती है, उसी मार्ग से दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रालियां दिन-रात मिट्टी ढोते हुए खुलेआम गुजरती हैं। इन वाहनों की गति इतनी तेज होती है कि यदि कोई राहगीर इनके सामने आ जाए तो उसकी जान बचना मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद पुलिस की ओर से कोई प्रभावी रोकथाम नहीं की जा रही है।
इस पूरे मामले पर जब नौतनवा तहसीलदार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें मिट्टी खनन की शिकायत प्राप्त हुई है और शीघ्र ही इस पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सोनौली क्षेत्र में यह मुद्दा जनचर्चा का विषय बना हुआ है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





