सोनौली श्याम काट नदी घाट के पास मिली तैरती लाश, पहुंची पुलिस
सोनौली श्याम काट नदी घाट के पास मिली तैरती लाश, पहुंची पुलिस
मृतक की पहचान ग्राम नोनिया निवासी सहतु के रूप में।
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: सोनौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्याम काट नदी घाट के पास उस समय सनसनी फैल गई जब नदी में एक व्यक्ति की लाश तैरती हुई दिखाई दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान कराई। मृतक की पहचान ग्राम नोनिया निवासी सहतु पुत्र महंगू (उम्र करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सहतु नशे का आदी था और आज सुबह से ही अपने घर से लापता था। दोपहर को जब कुछ लोग नदी के पास से गुजर रहे थे, तब उन्होंने पानी में एक लाश तैरती हुई देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोनौली थाना अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकालने के साथ ही पहचान की प्रक्रिया शुरू कराई।
कुछ ही देर में मृतक की पत्नी भी घटनास्थल पर पहुंच गई और लाश की पहचान करते हुए फूट-फूट कर रोने लगी। पुलिस द्वारा शव की जांच करने पर उस पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि नशे की हालत में नदी किनारे गए सहतु का संतुलन बिगड़ा और वह पानी में गिरकर डूब गया।
थाना अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि शव की पहचान कर ली गई है और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





