भारत-नेपाल सीमा पर 23 लाख की स्मैक के साथ सोनौली का युवक गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर 23 लाख की स्मैक के साथ सोनौली का युवक गिरफ्तार
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात एसएसबी और सोनौली पुलिस की संयुक्त टीम ने गश्त के दौरान 23 लाख रुपये मूल्य की मादक पदार्थ स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक भारत से नेपाल जाने की फिराक में था, जिसे डंडा हेड पुल के पास दबोचा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनौली कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डंडा हेड पुल के पास मंगलवार को एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम सीमा पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर जा रहे एक संदिग्ध युवक को जवानों ने रुकने का इशारा किया। खुद को घिरा देख युवक नेपाल की ओर भागने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 23 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसे वह कपड़ों में छिपाकर ले जा रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 23 लाख रुपये बताई जा रही है। युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया, जहां पूछताछ में उसने अपना नाम शाह आलम अंसारी पुत्र इस्लाम अंसारी निवासी ग्राम सुकरौली टोला सिमालीपुर, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज बताया।
इस संबंध में सोनौली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 67/2025 धारा 8/22/23 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु न्यायालय महराजगंज भेज दिया गया है।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





