नौतनवा में बिना मानक वाले पैथोलॉजी सेंटरों पर छापेमारी, एक सीज
नौतनवा में बिना मानक वाले पैथोलॉजी सेंटरों पर छापेमारी, एक सीज
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नगर के विभिन्न पैथोलॉजी सेंटरों पर गुरुवार शाम प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक टीम ने कस्बे के करीब आधा दर्जन पैथोलॉजी सेंटरों पर छापेमारी कर संचालकों से रजिस्ट्रेशन, लैब तकनीशियन की योग्यता और परीक्षण संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ली।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कई पैथोलॉजी सेंटर आवश्यक मानकों पर खरे नहीं उतरे। गांधी चौक स्थित गुड लाइफ पैथोलॉजी सेंटर को गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने सीज कर दिया। बताया जा रहा है कि नौतनवा कस्बे में फिलहाल एक दर्जन से अधिक पैथोलॉजी सेंटर संचालित हैं, जिनमें से कुछ में प्रशिक्षित तकनीशियन तक नहीं हैं और ब्लड सैंपल निकालने की विधि तक सही ढंग से नहीं अपनाई जाती।
एसडीएम नवीन कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप काम न करने वाले किसी भी पैथोलॉजी सेंटर को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के दायरे में आए अन्य सेंटरों पर भी प्रशासन की कड़ी नजर है।
इस कार्रवाई से कस्बे के पैथोलॉजी सेंटर संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





