सही जनगणना से ही होगा सही नीति निर्माण : डीएम गौरव सिंह सोगरवाल
सही जनगणना से ही होगा सही नीति निर्माण : डीएम गौरव सिंह सोगरवाल
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क। जनगणना 2026 के अंतर्गत चल रहे स्वगणना अभियान को गति देने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारियों द्वारा स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण की गई। अधिकारियों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर नागरिकों को भी इस महत्वपूर्ण कार्य में सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महराजगंज गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि सही जनगणना ही सही नीति निर्माण का आधार होती है। सरकार की योजनाओं, संसाधनों के वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार एवं अन्य विकास कार्यों की रूपरेखा जनगणना के आंकड़ों पर ही आधारित होती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराए।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि 07 मई से 21 मई तक चल रहे स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना अवश्य करें। इसके लिए नागरिक se.census.gov.in� पोर्टल पर जाकर पूछे गए सभी प्रश्नों के सही एवं सटीक उत्तर दर्ज करें।
अधिकारियों ने कहा कि स्वगणना प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और पूरी तरह ऑनलाइन है, जिससे लोग बिना किसी परेशानी के अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से इसे पूरा कर सकते हैं। जनसहभागिता से ही जनगणना अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


