पुलिस वेलफेयर कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, एसपी ने बढ़ाया उत्साह

पुलिस वेलफेयर कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान, एसपी ने बढ़ाया उत्साह
आईएन न्यूज, महराजगंज डेस्क:
पुलिस लाइन महराजगंज में आयोजित पुलिस वेलफेयर कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस परिवार के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि शिक्षा, अनुशासन और कठिन परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, निरंतर आगे बढ़ने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार के बच्चों की उपलब्धियां पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय हैं। ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास का भी संचार करते हैं।
इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को भी बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक मौजूद रहे।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *