कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा, 13 केंद्रों पर 4354 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा, 13 केंद्रों पर 4354 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आरक्षी भर्ती परीक्षा के पहले दिन जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई। 5760 अभ्यर्थियों में से 4354 उपस्थित रहे, जबकि 1406 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा की निगरानी के लिए 554 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के पहले दिन सोमवार को जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रथम पाली की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
प्रथम पाली में पंजीकृत 5760 अभ्यर्थियों में से 4354 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1406 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
जनपद के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने पर बल दिया।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच एवं फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई थी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी गई। परीक्षा की सुरक्षा एवं निगरानी के लिए कुल 554 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। इसके अतिरिक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार निगरानी की जाती रही।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सतर्कता के चलते परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। अधिकारियों ने बताया कि आगामी पालियों की परीक्षाओं के लिए भी इसी प्रकार की सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *