भैंसा गांव में किशोर का शव फंदे से लटकता मिला, प्रेम प्रसंग की चर्चा; पुलिस जांच में जुटी
.भैंसा गांव में किशोर का शव फंदे से लटकता मिला, प्रेम प्रसंग की चर्चा; पुलिस जांच में जुटी
आई एन न्यूज भिटौली डेस्क:
भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव में रविवार को एक 17 वर्षीय किशोर का शव घर के कमरे में फंदे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजन उसे आनन-फानन में जिला चिकित्सालय महराजगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार भैंसा गांव निवासी रुदल साहनी अपनी पत्नी सरोज देवी के साथ परिवार के एक सदस्य का इलाज कराने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल गए हुए थे। इसी दौरान उनका सबसे छोटा पुत्र राजकुमार (17 वर्ष) घर पर अकेला था। दोपहर करीब एक बजे उसका शव घर के एक कमरे में छत की कुंडी से लटकता मिला।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। किशोर को तत्काल फंदे से नीचे उतारकर जिला चिकित्सालय महराजगंज ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के बीच किशोर के एक युवती से प्रेम संबंध होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन अलग-अलग जाति होने के कारण परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना वाले दिन दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी और किसी बात को लेकर कहासुनी भी हुई थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
राजकुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसका एक भाई विदेश में नौकरी करता है, जबकि दूसरा भाई देश के एक अन्य शहर में रहकर परिवार की आर्थिक सहायता करता है। पिता खेती-बाड़ी के साथ किराना दुकान का संचालन करते हैं। इकलौते छोटे बेटे की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
भिटौली थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
महाराजगंज- उत्तर प्रदेश.



