नौतनवा अमृत सरोवर पर गूंजा योग का संदेश, विधायक ऋषि त्रिपाठी ने किया योगाभ्यास
नौतनवा अमृत सरोवर पर गूंजा योग का संदेश, विधायक ऋषि त्रिपाठी ने किया योगाभ्यास
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नौतनवा नगर पालिका के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम आयोजित।
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नगर पालिका परिषद नौतनवा के तत्वावधान में तहसील परिसर स्थित अमृत सरोवर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने की।
योग प्रशिक्षक एडवोकेट रश्मि गुप्ता ने उपस्थित लोगों को विभिन्न प्रकार के योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर पालिका एवं तहसील प्रशासन के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि 21 जून उत्तरी गोलार्ध का सबसे लंबा दिन होता है और योग की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह दिन आज विश्व के सबसे बड़े सामूहिक उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमालय से लेकर हिंद महासागर तक और पूर्वोत्तर से लेकर पश्चिमी भारत तक पूरा देश योग की सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई देता है। योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि योग को केवल एक दिवस या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन, परिवार और आने वाली पीढ़ियों की जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ और निरोग रह सकता है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नौतनवा राकेश मद्धेशिया, उपजिलाधिकारी नौतनवा नवीन कुमार, तहसीलदार करण सिंह, अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज सहित नगर पालिका एवं तहसील के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प लिया।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।



