मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोनौली सीमा पर पुलिस-एसएसबी का फ्लैग मार्च
मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोनौली सीमा पर पुलिस-एसएसबी का फ्लैग मार्च

आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा कस्बा सोनौली में फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह , सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

.फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस एवं एसएसबी के जवानों ने सीमा क्षेत्र, कस्बे के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए मोहर्रम पर्व को मिल-जुलकर मनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, मुस्तैदी और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच तथा लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस कप्तान शक्ति मोहन अवस्थी ने
जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि मोहर्रम पर्व को पूरी शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ संपन्न कराया जा सके।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।.



