बृजमनगंज रेलवे स्टेशन परिसर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, अस्थायी कब्जे हटाए गए
बृजमनगंज रेलवे स्टेशन परिसर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, अस्थायी कब्जे हटाए गए
आई एन न्यूज बृजमनगंज डेस्क। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज स्थित रेलवे स्टेशन परिसर एवं स्टेशन रोड पर सोमवार को रेलवे प्रशासन द्वारा व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान (जीआरपी) एवं (आरपीएफ) की टीम ने रेलवे सीमा क्षेत्र में किए गए कई अस्थायी अवैध अतिक्रमणों को हटवाया।
रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में चलाए गए इस अभियान के दौरान स्टेशन परिसर और स्टेशन रोड के किनारे लगे अस्थायी ठेले, गुमटियां तथा अन्य अवैध निर्माण हटाए गए। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिन दुकानदारों को रेलवे की ओर से विधिवत भूमि आवंटित (एलॉटमेंट) किया गया है, वे केवल अपने निर्धारित क्षेत्र के भीतर ही दुकान संचालित करें। सीमा से बाहर अतिक्रमण पाए जाने पर में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने दुकानदारों और व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि रेलवे भूमि पर किसी भी प्रकार का नया अतिक्रमण या निर्धारित सीमा का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रेल प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे बृजमनगंज नगर में खलबली मच गई। अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ स्थानों से पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटवाया गया।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि स्टेशन परिसर को सुरक्षित, स्वच्छ एवं यात्रियों के आवागमन के लिए सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से समय-समय पर इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



