भाजपा नेताओं के तेवर से हरकत में आया नगर पंचायत प्रशासन, नाली निर्माण का प्रस्ताव भेजा”

भाजपा नेताओं के तेवर से हरकत में आया नगर पंचायत प्रशासन, नाली निर्माण का प्रस्ताव भेजा”
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
नगर पंचायत सोनौली के वार्ड नंबर-3 में वर्षों से चली आ रही जल निकासी की गंभीर समस्या अब विकराल रूप धारण कर चुकी है। बरसात के मौसम में हालात इतने खराब हो जाते हैं कि गलियां तालाब में तब्दील हो जाती हैं, जिससे आमजन का घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। जलभराव के कारण लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

इसी जनसमस्या को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मनोनीत सभासद रवि वर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं तथा कई मनोनीत सभासदों ने नगर पंचायत प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा को एक मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में जनहित को सर्वोपरि बताते हुए वार्ड नंबर-3 में शीघ्र नाली निर्माण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की गई।
अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुनते हुए बताया कि जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए नई नाली निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रस्ताव स्वीकृत होते ही प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि वार्डवासियों को इस गंभीर समस्या से जल्द राहत मिल सके।
अधिशासी अधिकारी के सकारात्मक आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उनका आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि वर्षों से जलभराव की मार झेल रहे वार्ड नंबर-3 के लोगों को अब जल्द ही स्थायी समाधान मिलेगा।
इस दौरान मनोनीत सभासद रवि वर्मा के साथ प्रेम जायसवाल, सूरत जायसवाल, धर्मेंद्र जायसवाल, बबलू माली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महाराजगंज–= उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *