हर बच्चे तक शिक्षा की अलख, अध्यक्ष ने सर्व शिक्षा अभियान रैली को दिखाई हरी झंडी
हर बच्चे तक शिक्षा की अलख, अध्यक्ष ने सर्व शिक्षा अभियान रैली को दिखाई हरी झंडी
आई एन न्यूज बृजमनगंज डेस्क।
ब्लॉक संसाधन केंद्र बृजमनगंज से सर्व शिक्षा अभियान फेज-2 का शुभारंभ गाजे-बाजे और जागरूकता रैली के साथ किया गया। अभियान का उद्देश्य नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 में यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। यह अभियान 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक ब्लॉक के सभी विद्यालयों में संचालित किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली ने नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए अभिभावकों और नागरिकों को बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख उदय राज यादव, खंड विकास अधिकारी कृष्णकांत शुक्ला, खंड शिक्षा अधिकारी अगनित कुमार, एडीओ पंचायत गुलाब पाठक, विनय कुमार पाठक, एआरपी पंकज कुमार गुप्ता एवं लोरिक यादव सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
रैली में उच्च प्राथमिक विद्यालय बृजमनगंज, प्राथमिक विद्यालय रत्तूपुर, लेहड़ा सेकेंड, मिश्रौलिया, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, रामबक्स जूनियर हाई स्कूल तथा ऑलमाइटी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों के हाथों में शिक्षा के महत्व से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां थीं, जिनके माध्यम से लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में नागेंद्र कुमार चौरसिया, कमलेश कुमार सिंह, संजीत पटेल, उदय राज कनौजिया सहित समस्त शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुचर एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
रैली के समापन पर अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव होता है, इसलिए हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



