एक साल पहले बजी थी शहनाई, अब उठी अर्थी: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

एक साल पहले बजी थी शहनाई, अब उठी अर्थी: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप
आई एन न्यूज कोल्हुई डेस्क।
कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम मैनहवा टोला मंझरिया में बुधवार शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस, क्षेत्राधिकारी, फॉरेंसिक टीम और नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सोनी देवी (20 वर्ष) पत्नी विशाल निवासी मैनहवा टोला मंझरिया के रूप में हुई है। सोनी का मायका थाना शोहरतगढ़, जनपद सिद्धार्थनगर क्षेत्र में है। करीब एक वर्ष पूर्व ही उनका विवाह विशाल के साथ हुआ था। शादी के एक साल के भीतर ही उनकी संदिग्ध मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बुधवार शाम करीब 5:30 बजे ग्राम प्रधान की सूचना पर उपनिरीक्षक राजीव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्राधिकारी फरेंदा, फॉरेंसिक टीम तथा नायब तहसीलदार सुधांशु कुमार कन्नौजिया भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
उपनिरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फंदे से लटकने का प्रतीत होता है, लेकिन मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में कोहराम मचा हुआ है। वहीं गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *