मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बनी गरीबों का सहारा: विधायक ऋषि त्रिपाठी

220 जोड़ों के सपनों को मिला नया आसमान, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बनी गरीबों का सहारा: विधायक ऋषि त्रिपाठी

आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क । मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को नौतनवा कस्बे के एक मैरेज हॉल में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में 220 जोड़े एक-दूसरे के जीवनसाथी बने। पूरे समारोह में खुशियों, उत्साह और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध धर्म के जोड़ों का विवाह उनकी-उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। बड़ी संख्या में वर-वधू के परिजनों की मौजूदगी ने इस आयोजन को भावनात्मक और यादगार बना दिया।
हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया, वहीं मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। बौद्ध धर्म के अनुयायियों का विवाह भी उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुरूप कराया गया। एक ही मंच पर विभिन्न धर्मों के वैवाहिक संस्कारों ने सामाजिक सौहार्द और एकता का संदेश दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषि त्रिपाठी ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस योजना ने बेटियों के विवाह का आर्थिक बोझ कम किया है और परिवारों को सम्मानपूर्वक अपनी बेटियों का विवाह संपन्न कराने का अवसर दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र परिवारों को लाभान्वित कर रही है। यह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में सरकार की संवेदनशील सोच का परिणाम है। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
समारोह में नौतनवा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, भाजपा नेता चंद्र प्रकाश मिश्रा, अजय अग्रहरि, राधेश्याम सिंह, नीरज जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का बैंड-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया।
समाज कल्याण अधिकारी महाराजगंज विपिन यादव ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र (साफा) पहनाकर एवं बुके भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन पीडी महाराजगंज रामदास चौधरी ने किया। इस अवसर पर नौतनवा विकासखंड के अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के इस आयोजन ने  220 जोड़ों के नए जीवन की शुरुआत कराई है। महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *