नौतनवा तहसील को मिले नए एसडीएम, अधिवक्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
नौतनवा तहसील को मिले नए एसडीएम, अधिवक्ताओं ने किया जोरदार स्वागत, 20 जुलाई को होगी पहली अहम बैठक
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा तहसील को शनिवार को नया उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मिल गए। नवागत एसडीएम कुणाल ने विधिवत पदभार ग्रहण करते ही तहसील परिसर में नई कार्यशैली और बेहतर प्रशासनिक समन्वय की उम्मीद जगा दी। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद रेवेन्यू बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत कर न्यायिक एवं राजस्व कार्यों में बेहतर तालमेल की अपेक्षा जताई।
रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल नवागत एसडीएम से मिला और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधिमंडल ने तहसील में लंबित मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण की अपेक्षा भी व्यक्त की।
इस अवसर पर संघ के मंत्री दयानंद यादव, उपाध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद शुक्ला, अधिवक्ता नामिका, रविंद्र नाथ त्रिपाठी, दीपेंद्र प्रजापति, राजीव कुमार सिंह, बुद्धेश प्रसाद, आदित्य दुबे, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
इस दौरान तहसीलदार करण सिंह ने नवागत एसडीएम का परिचय अधिवक्ताओं से कराया और कहा कि तहसील प्रशासन एवं बार के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बार और बेंच के बीच सहयोगात्मक वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया।
20 जुलाई को होगी पहली अहम बैठक
सूत्रों के अनुसार, नवागत एसडीएम कुणाल 20 जुलाई को तहसील के सभी अधिवक्ताओं के साथ पहली औपचारिक बैठक करेंगे। बैठक में अधिवक्ताओं की समस्याएं, राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली, लंबित वादों के निस्तारण और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।
नवागत एसडीएम की पहली बैठक को लेकर अधिवक्ताओं में काफी उत्सुकता है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।.



