भारतीय एजेंटों ने घेरा सोनौली कस्टम बैरियर, नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों का आवागमन ठप
भारतीय एजेंटों ने घेरा सोनौली कस्टम बैरियर, नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों का आवागमन ठप
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
नेपाल भन्सार एजेंट संघ द्वारा भारतीय मूल के कस्टम एजेंटों के विरुद्ध जारी किए गए फरमान के विरोध में सोमवार को भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सोनौली सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। विरोध स्वरूप भारतीय मूल के कस्टम एजेंटों ने सोनौली कस्टम बैरियर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और नेपाल की ओर जाने वाले मालवाहक ट्रकों का आवागमन रोक दिया। इससे सीमा पार आयात-निर्यात का कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ और दोनों देशों के बीच माल ढुलाई लगभग ठप हो गई।
प्रदर्शन के दौरान भारतीय एजेंटों ने नेपाल जाने वाले कई मालवाहक ट्रकों को सीमा पर ही रोक दिया, जबकि कुछ ट्रकों को वापस लौटा दिया। इसके चलते सीमा के दोनों ओर ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं और व्यापारियों, परिवहन व्यवसायियों तथा निर्यात-आयात से जुड़े लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे भारतीय कस्टम एजेंटों का आरोप है कि नेपाल भन्सार एजेंट संघ का निर्णय पूरी तरह भेदभावपूर्ण है। उनका कहना है कि वर्षों से सीमा पर कार्य कर रहे भारतीय मूल के एजेंटों की आजीविका पर इस फैसले से सीधा संकट खड़ा हो गया है। एजेंटों ने चेतावनी दी कि यदि नेपाल भन्सार एजेंट संघ अपना विवादित निर्णय वापस नहीं लेता है, तो उनका आंदोलन और अधिक उग्र किया जाएगा।
सीमा पर उत्पन्न हालात को देखते हुए प्रशासन और कस्टम विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों से वार्ता कर आवागमन सामान्य कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस विवाद को लेकर भारत और नेपाल के कस्टम अधिकारियों के बीच भी बातचीत जारी है। दोनों पक्ष समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और सीमा पर मालवाहक ट्रकों का आवागमन बाधित रहा।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।



