20 साल से भारत को धोखा दे रही थी विदेशी महिला! सोनौली बॉर्डर पर गिरफ्तार
20 साल से भारत को धोखा दे रही थी विदेशी महिला!सोनौली बॉर्डर पर गिरफ्तार
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: भारत-नेपाल की सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। 20 साल से भारतीय बनकर भारत में रह रही एक इंडोनेशियाई महिला को इमिग्रेशन विभाग ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला ने फर्जी नाम से वोटर ID, आधार कार्ड और पैन कार्ड तक बनवा लिए थे और इसी फर्जी पहचान पर चीन, जापान, ताइवान जैसे देशों की यात्राएं कर रही थी।
10 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे महिला नेपाल के लुंबिनी जाने के लिए सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पहुंची। नेपाल जाने की प्रक्रिया में उसने भारतीय वोटर ID कार्ड दिखाया, जिसमें नाम ली किम लियन और जन्मतिथि 29 जून 1975 दर्ज थी। लेकिन महिला हिंदी ठीक से बोल नहीं पा रही थी। उसके हाव-भाव और बातचीत पर अधिकारियों को शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ की गई तो पोल खुल गई। उसने अपना असली इंडोनेशियाई पासपोर्ट दिखाया, जिसमें नाम रोहाना और जन्मतिथि 20 अक्टूबर 1970 दर्ज थी। पासपोर्ट 11 अगस्त 2033 तक वैध है, जबकि उसके पास मल्टीपल एंट्री रोजगार वीजा की वैधता 9 नवंबर 2026 तक थी।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि महिला वर्ष 2005 में इंडोनेशिया से भारत आई थी और तभी से यहीं रह रही थी। इस दौरान उसने ली किम लियन नाम से वोटर ID, आधार और पैन कार्ड सहित कई भारतीय दस्तावेज बनवा लिए। उसके पास चीन और जापान के वीजा भी मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि वह भारत से चीन, जापान और ताइवान सहित कई देशों की यात्रा कर चुकी है। नवंबर 2025 में वह चीन से भारत लौटी थी।
पूछताछ में महिला के कोलकाता में एक NGO के माध्यम से फो कुआंग शान कलकत्ता बुद्धिस्ट सेंटर का संचालन करने और अध्यक्ष पद पर कार्यरत होने की जानकारी भी सामने आई है। वह लद्दाख निवासी जिगमत पल्जोर के संपर्क में थी।
बताया जा रहा है कि भारतीय बौद्ध भिक्षुओं की चीन यात्रा के लिए वह तकनीकी सहायता उपलब्ध कराती थी। हालांकि, इन गतिविधियों और संपर्कों की भूमिका की पुलिस गहन जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां इसे केवल फर्जीवाड़ा नहीं, बल्कि संभावित जासूसी और अवैध नेटवर्क के एंगल से भी देख रही हैं।
इमिग्रेशन विभाग ने महिला को आगे की कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि 11 नवंबर की रात 11:59 बजे महिला के विरुद्ध धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, कूटरचित दस्तावेजों का असली के रूप में इस्तेमाल करने तथा आव्रजन एवं विदेशी नागरिकों से संबंधित नियमों के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


