भैरहवा-लखनऊ एयर रूट होगा टू-वे, नेपाल की 17 साल पुरानी मांग पूरी

भैरहवा-लखनऊ एयर रूट होगा टू-वे, नेपाल की 17 साल पुरानी मांग पूरी

भारत-नेपाल के बीच हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने पर सहमति, तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद छह महीने में शुरू हो सकता है संचालन।

आईएन न्यूज, काठमांडू। नेपाल और भारत के बीच हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सहमति बनी है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान मौजूदा काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ (B345) एकतरफा हवाई मार्ग को दोनों दिशाओं में संचालित करने पर सहमति बनी है। इससे नेपाल की 17 साल पुरानी मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है।
नेपाल लंबे समय से अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय हवाई प्रवेश मार्ग की मांग कर रहा था, ताकि सिमारा रूट पर दबाव कम हो और भैरहवा व पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर उड़ानों का संचालन आसान हो सके।
दोनों देशों के संयुक्त बयान के अनुसार, अब इस रूट को टू-वे बनाने के लिए तकनीकी परामर्श किया जाएगा। इसमें खास तौर पर विमानों की उड़ान ऊंचाई, भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश और एयर ट्रैफिक प्रबंधन से जुड़े पहलुओं पर सहमति बनाई जाएगी।
ऊंचाई और सुरक्षा नियम बड़ी चुनौती
भैरहवा एयरपोर्ट भारतीय सीमा के नजदीक होने के कारण विमानों को उतरने के लिए कम ऊंचाई पर भारतीय हवाई क्षेत्र से गुजरना पड़ता है। ऐसे में उड़ान की ऊंचाई और सुरक्षा संबंधी नियमों पर भारत-नेपाल के विमानन अधिकारियों के बीच तकनीकी सहमति जरूरी होगी।
यदि दोनों देशों के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण जल्द तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर एयर ट्रैफिक सर्विसेज (ATS) समझौते पर हस्ताक्षर कर लेते हैं, तो यह नया टू-वे एयर रूट छह महीने के भीतर चालू हो सकता है।
इस व्यवस्था से नेपाल के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की पहुंच बेहतर होगी और भारत-नेपाल के बीच हवाई संपर्क, पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *