नौतनवा: प्रकाश पर्व पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने टेका माथा, सिंह सभा ने किया भव्य सम्मान!
नौतनवा: प्रकाश पर्व पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने टेका माथा, सिंह सभा ने किया भव्य सम्मान!
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क।
श्री गुरुनानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश गुरु पर्व मंगलवार को नौतनवा स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्रद्धा, विश्वास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शबद कीर्तन, भजन, प्रवचन और लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी जाति, धर्म और मजहब के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रकाश पर्व पर नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी गुरुद्वारा पहुंचे और गुरु नानक देव जी के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद लिया। उन्होंने शबद कीर्तन में भी सहभागिता की। कार्यक्रम के उपरांत गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से विधायक को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सिंह सभा को संबोधित करते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने गुरु नानक देव जी के जीवन और उनके महान विचारों पर प्रकाश डालते हुए सभी को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया, जो आज भी समाज को सही दिशा दिखाने के साथ लोगों को एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में पंजाब से आए मुख्य कथावाचक भाई दिलेर सिंह ने गुरु नानक देव जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं और आध्यात्मिक विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने श्रद्धालुओं से गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारा कायम किया जा सकता है।
शबद कीर्तन के दौरान पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर गुरु का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल, गौतम जोशी, उमा जायसवाल, कृष्ण मुरारी जायसवाल सहित गुरुद्वारा कमेटी अध्यक्ष मनजीत सिंह, पूर्व अध्यक्ष परमजीत सिंह, ज्ञानी मोहन सिंह, रंजीत सिंह छाबड़ा, बलजीत सिंह, सतपाल सिंह राजपाल, कुलदीप सिंह, सोनू गांधी, अमरिंदर सिंह, इंद्रजीत कौर, नरेंद्र कौर, हरप्रीत कौर, त्रिलोचन कौर, स्मृति कौर, तन्नू कौर, पूनम कौर सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।




