5 दिन सोनौली पुलिस की बढ़ी बेचैनी, फिर खुला स्कॉर्पियो का राज! ₹4 लाख में बेचकर नेपाल भागा युवक

5 दिन सोनौली पुलिस की बढ़ी बेचैनी, फिर खुला स्कॉर्पियो का राज! ₹4 लाख में बेचकर नेपाल भागा युवक,पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: सोनौली कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर-4 माधव रामनगर से स्कॉर्पियो गायब होने की सूचना ने पिछले पांच दिनों से पुलिस की बेचैनी बढ़ा रखी थी। 28 अगस्त को वाहन स्वामिनी द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया कि बुकिंग के बहाने घर से स्कॉर्पियो ले जाई गई और गोरखपुर के तारामंडल क्षेत्र में एक व्यक्ति ने जबरिया वाहन अपने पास रख लिया। शिकायत मिलते ही सोनौली पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। जांच आगे बढ़ी तो कहानी कुछ और ही सामने आई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, स्कॉर्पियो वाहन संख्या UP 56 AX 3463 को 28 अगस्त को हमीद पुत्र शहाबुद्दीन कथित तौर पर बुकिंग के बहाने गोरखपुर ले गया। आरोप है कि तारामंडल निवासी एक व्यक्ति को करीब चार लाख रुपये में वाहन बेचकर हमीद नेपाल चला गया। तीन दिनों तक हमीद के वापस नहीं लौटने पर वाहन स्वामिनी ने पुलिस को वाहन गायब होने की सूचना दी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने गोरखपुर में वाहन खरीदने वाले व्यक्ति से संपर्क किया। पुलिस के कड़े रुख के बाद उसने कथित तौर पर पूरी कहानी पुलिस के सामने रखी और स्कॉर्पियो लेकर खुद सोनौली कोतवाली पहुंच गया। इसके बाद वाहन स्वामिनी द्वारा चार लाख रुपये देकर अपनी स्कॉर्पियो वापस लेने की बात सामने आई। वाहन वापस मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
हालांकि, पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यह है कि बुकिंग के नाम पर वाहन गोरखपुर ले जाकर चार लाख रुपये में बेचने वाला युवक आखिर कहां है?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी युवक वाहन स्वामिनी का ही पुत्र बताया जा रहा है। यही वजह है कि मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि वाहन बरामद होने और रकम वापस होने के बाद पुलिस ने मामले को दबा दिया तथा आगे की कार्रवाई को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। इससे पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं कि यदि वाहन वास्तव में बेच दिया गया था और उसे दूसरे व्यक्ति ने खरीदा था, तो कथित तौर पर वाहन बेचने वाले युवक के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई?
मामले को लेकर तब और सवाल खड़े हो गए, जब वाहन स्वामिनी ने खुद पुलिस पर मामले को “मैनेज” करने की बात कही। बातचीत में वाहन स्वामिनी ने बताया कि पुलिस ने पूरा मामला मैनेज कर दिया है और अब कोई बात नहीं है।
फिलहाल स्कॉर्पियो वाहन अपने मालिक के पास वापस पहुंच गया है, लेकिन चार लाख रुपये में वाहन बेचने, आरोपी के नेपाल चले जाने और उसके बाद मामले के कथित तौर पर मैनेज हो जाने की चर्चा सोनौली क्षेत्र में जोर पकड़ रही है। अब देखना यह है कि पुलिस इस पूरे प्रकरण में आगे कोई विधिक कार्रवाई करती है या वाहन बरामद होने के बाद मामला यहीं ठंडे बस्ते में चला जाता है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *