भाई की कलाई पर राखी बांधने निकली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी!
भाई की कलाई पर राखी बांधने निकली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी!
रक्षाबंधन पर बहनों को योगी सरकार का तोहफा, तीन दिन तक मुफ्त बस यात्रा।
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: रक्षाबंधन के पवित्र पर्व पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की बहनों को शानदार तोहफा दिया है। रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही महिला के साथ यात्रा करने वाले एक पुरुष सहयात्री (परिजन) को भी निःशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा।
भारत नेपाल के सोनौली बॉर्डर पर स्थित रोडवेज डिपो इंचार्ज रमेश चन्द्रा ने बताया कि यह विशेष सुविधा 27 अगस्त की सुबह से शुरू होकर 29 अगस्त की रात 12 बजे तक, यानी कुल तीन दिनों तक प्रभावी रहेगी। सरकार के इस फैसले का उद्देश्य है कि रक्षाबंधन के पर्व पर बहनें बिना किसी आर्थिक बोझ के सुरक्षित और सुगमता से अपने घर और गंतव्य तक पहुंच सकें तथा अपने भाई-बहनों के साथ पर्व की खुशियां मना सकें।
रक्षाबंधन को लेकर गुरुवार को भारत-नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित सोनौली बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ दिखाई देने लगी। बड़ी संख्या में महिलाएं अपने परिजनों के साथ बसों से आवागमन करती नजर आईं। निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से यात्रियों में भी उत्साह देखा गया।
महिला सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम
पर्व के दौरान महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोनौली समेत प्रदेश के प्रमुख बस अड्डों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड को मुस्तैद रखा गया है। बस अड्डों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि महिलाओं और अन्य यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं, नेपाल सीमा से जुड़े सोनौली क्षेत्र में रक्षाबंधन के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट है। नेपाल सीमा तथा अन्य व्यस्त मार्गों पर सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों द्वारा यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यात्रियों ने प्रदेश सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक पर्व पर मुफ्त बस यात्रा की सुविधा से लोगों को काफी राहत मिलेगी। खासकर दूर-दराज से अपने भाई के घर जाने वाली महिलाओं के लिए यह योजना उपयोगी साबित हो रही है।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।








































