अड्डा बाजार में विधायक ऋषि त्रिपाठी ने लगाई जन चौपाल, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

अड्डा बाजार में विधायक ऋषि त्रिपाठी ने लगाई जन चौपाल, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
आई एन न्यूज नौतनवा।
नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के अड्डा बाजार में रविवार को विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी ने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल बातचीत कर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।
रविवार को करीब तीन बजे विधायक ऋषि त्रिपाठी अड्डा बाजार पहुंचे, जहां एक स्थान पर आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। ग्रामीणों ने बिजली, सड़क सहित क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
अड्डा क्षेत्र के ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक ने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों से सीधा संवाद किया और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही। वहीं, ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग भी रखी। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण से संबंधित मांग को भी शीघ्र पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। जन चौपाल के माध्यम से लोगों से सीधे संवाद करने का उद्देश्य यही है कि समस्याओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी मौके पर मिल सके और उनका त्वरित समाधान कराया जा सके।
जन चौपाल के बाद विधायक ऋषि त्रिपाठी ने करैला गांव सहित विधानसभा क्षेत्र के कई अन्य गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों को लेकर लोगों से संवाद किया।
इस अवसर पर नौतनवा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, भाजपा नेता चंद्र प्रकाश मिश्रा, रवि वर्मा, ग्राम प्रधान राम अचल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *