ट्रकों की कटिंग का खेल पड़ा भारी, कंटेनर ने मचाया कोहराम, पूरा सोनौली जाम, 2 बजे से पुलिस के छूट रहे पसीने


ट्रकों की कटिंग का खेल पड़ा भारी, कंटेनर ने मचाया कोहराम, पूरा सोनौली जाम, 2 बजे से पुलिस के छूट रहे पसीने
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल सीमा के अंतरराष्ट्रीय राजमार्ग पर आज दोपहर करीब 2:00 बजे से भीषण जाम लगा हुआ है। जाम का कारण एक बेलगाम कंटेनर बना, जो नेपाल जाने वाले मालवाहक ट्रकों की लंबी लाइन को तोड़कर गलत दिशा से मुख्य मार्ग पर सबसे आगे निकलने की होड़ में घुस गया।
बताया गया है कि मुख्य मार्ग पर पहले से ही एक बड़ा ट्रेलर रास्ते में खराब खड़ा था। इसी दौरान लाइन छोड़कर आया बड़ा कंटेनर बीच रास्ते में फंस गया। कंटेनर के फंसते ही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और देखते ही देखते पूरा सोनौली जाम की चपेट में आ गया।
जाम इस कदर भयानक है कि नेपाल से भारत में आने वाले वाहनों की करीब 1 किलोमीटर लंबी लाइन लगी है, वहीं भारत से नेपाल जाने वाले वाहनों की करीब 2 किलोमीटर लंबी लाइन लग गई है।
इस जाम में स्कूल के बच्चे, आम यात्री, मरीज और स्थानीय लोग सभी फंसे हुए हैं। घंटों से लोग अपनी गाड़ियों में बैठे परेशान हैं, लेकिन जाम खुलने का नाम नहीं ले रहा है।
गली-कूची तक जाम, पूरा सोनौली ठप
मुख्य मार्ग के जाम होते ही लोग लिंक मार्गों की ओर भागे। एसएसबी रोड, मंदिर मार्ग सहित अन्य सभी छोटे मार्गों पर टेंपो, ऑटो और चार पहिया वाहन घुस गए, जिसके कारण वे रास्ते भी पूरी तरह से बंद हो गए। एक तरह से कहा जा सकता है कि आज पूरा सोनौली जाम से परेशान है। सोनौली के सभी मार्गों पर जाम ही जाम है।
पुलिस के छूट रहे पसीने
जाम खुलवाने के लिए पुलिस लगातार मशक्कत कर रही है, लेकिन वाहनों का दबाव इतना ज्यादा है कि पुलिस के भी पसीने छूट रहे हैं। ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमा पर मालवाहक वाहनों की मनमानी और लाइन तोड़कर आगे निकलने की होड़ ही हर दिन जाम की बड़ी वजह बन रही है। अगर इस पर सख्ती नहीं हुई तो यह समस्या और भी भयानक हो जाएगी।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।




