सोनौली सीमा पर सन्नाटा! ड्यूटी के दौरान SSB जवान ने की आत्महत्या, ढाई महीने के बेटे को छोड़ गया पिता

.सोनौली सीमा पर सन्नाटा! ड्यूटी के दौरान SSB जवान ने की आत्महत्या, ढाई महीने के बेटे को छोड़ गया पिता

बड़े भाई की मौत के बाद टूट गया जवान, 5 दिन पहले ही छुट्टी से लौटा था… और फिर खनुआ पोस्ट पर चल गई गोली।

आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल सीमा के सोनौली थाना क्षेत्र के खनुआ पोस्ट पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना हो गई। वहां तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी जान दे दी। घटना के बाद पोस्ट पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान मंजीत कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के औरंगाबाद जिले के निवासी थे। वह एसएसबी की 66वीं बटालियन में तैनात थे और उनकी ड्यूटी भारत-नेपाल सीमा स्थित खनुआ पोस्ट पर थी।
शनिवार देर रात करीब 1:40 बजे वह ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे, तो मंजीत कुमार मृत अवस्था में मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि मंजीत कुमार की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उनका ढाई महीने का एक बेटा है। करीब ढाई महीने पहले ही उनके बड़े भाई का निधन हो गया था। इस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, पांच दिन पहले ही वह छुट्टी बिताकर वापस ड्यूटी पर लौटे थे। इसके बाद से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी।
हालांकि, जवान के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस और एसएसबी के अधिकारी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा। खनुआ पोस्ट पर इस घटना के बाद शोक का माहौल है।

 महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।,.


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *