सोनौली में पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम पटाखा कारोबार! 2 लोगों ने लिया ठेका

सोनौली में पुलिस की नाक के नीचे खुलेआम पटाखा कारोबार! 2 लोगों ने लिया ठेका
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल के अंतरराष्ट्रीय महत्व के कस्बा सोनौली का आज नजारा पूरी तरह से बदल गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग के मुख्य बाजार में प्रत्येक दुकान के सामने तेज आवाज वाले धमाकेदार पटाखों का खुलेआम व्यापार चल रहा है। कल तक जो पुलिस फुलझड़ी बेचने पर छापेमारी कर रही थी, आज उसी पुलिस के सामने भरे बाजार में पटाखों का कारोबार धड़ल्ले से हो रहा है। आखिर रातों-रात पुलिस का तेवर क्यों बदल गया?
बता दें कि पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसलिए नेपाल के लोग भारतीय सीमा के बाजारों से चोरी-चुपके तेज धमाके वाले पटाखे खरीदकर ले जाते हैं। सोनौली बाजार आज नेपाली ग्राहकों से पटा हुआ है और दुकानदार इसका जमकर फायदा उठा रहे हैं।
लाखों की वसूली का आरोप, 2 लोगों का ठेका चर्चा में!
बताया जा रहा है कि पटाखे के इस अवैध कारोबार के लिए पुलिस के नाम पर दो व्यक्तियों द्वारा लाखों रुपए वसूलने की चर्चा कस्बे में जोरों पर है। लोगों में चर्चा है कि अवैध रूप से पटाखे बेचने का पुलिस से दो व्यक्तियों द्वारा ठेका लिए जाने की खबर है। जिसका परिणाम आज खुलेआम देखने को मिल रहा है।
इंडो नेपाल न्यूज़ इस आरोप की पुष्टि नहीं करता, लेकिन बाजार का नजारा इस चर्चा को हवा जरूर दे रहा है।
.घनी आबादी में डेमो, जान जोखिम में! सबसे खतरनाक बात यह है कि तेज धमाके वाले पटाखे असली हैं या नकली, यह परखने के लिए घनी आबादी के बीच में ही फोड़कर खुलेआम ग्राहकों को दिखाया जा रहा है। जरा सी चूक हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है। बच्चे, बूढ़े, महिलाएं – सब इसी बाजार से गुजर रहे है।
इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह ने कहा कि “मैं स्वयं सोनौली पहुंचकर पूरे मामले को देखता हूं। भरे बाजार में पटाखे का अवैध कारोबार किसी दशा में नहीं होगा।”
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


