बढ़नी में शिलान्यास नहीं, हुआ संग्राम! सांसद-विधायक समर्थकों में मंच पर ही मारपीट
बढ़नी में शिलान्यास नहीं, हुआ संग्राम! सांसद-विधायक समर्थकों में मंच पर ही मारपीट, भूमिपूजन में मची अफरा-तफरी
आई एन न्यूज़ सिद्धार्थनगर डेस्क:
सिद्धार्थनगर जिले के बढ़नी में शनिवार को स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास होना था, लेकिन कार्यक्रम शुरू होते ही वहां विकास की नहीं, बल्कि गुटबाजी की तस्वीर सामने आ गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा सांसद जगदंबिका पाल और अपना दल के विधायक विनय वर्मा के समर्थक आमने-सामने आ गए। नारेबाजी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मंच पर हाथापाई और मारपीट में बदल गया।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे सांसद जगदंबिका पाल अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इसी दौरान नारेबाजी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि कहासुनी के दौरान गाली-गलौज हुई और फिर मामला बेकाबू हो गया।
कुछ लोग मंच पर चढ़ गए और विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी को धक्का देकर गिरा दिया। इससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस और मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उच्चीकृत कर 19.66 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाना है। जनता को उम्मीद थी कि इस भूमिपूजन से इलाके को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी, लेकिन मंच पर हुई मारपीट ने पूरे कार्यक्रम की गरिमा को तार-तार कर दिया।
विधायक ने भेजा वीडियो, सांसद ने झाड़ा पल्ला
घटना के बाद विधायक विनय वर्मा ने कार्यकर्ता की पिटाई का वीडियो एसपी को भेजा है। वहीं सांसद जगदंबिका पाल ने अपने समर्थकों की संलिप्तता से इन्कार किया है। उनका कहना है -प्रदीप कमलापुरी को जनता ने पीटा है, उनके किसी समर्थक ने नहीं। उनके समर्थकों की ओर से गाली-गलौज किए जाने पर लोग नाराज हुए थे। मैंने हाथ जोड़कर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।”
हंगामे के बाद सांसद और विधायक एक साथ मंच पर पहुंचे और शिलान्यास व भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न कराया। लेकिन तब तक कार्यक्रम की तस्वीर बदल चुकी थी। अब सवाल यही है कि जब शिलान्यास पर ही नेताओं के समर्थक आपस में भिड़ गए, तो विकास का ये प्रोजेक्ट कितनी शांति से पूरा होगा?
सिद्धार्थनगर– उत्तर प्रदेश।




