24 घंटे में दूसरी बार पाक ने तोड़ा सीजफायर,जवान शहीद, 2 लोगों की मौत, 15 घायल

आई एन न्यूज जम्मूःपाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू-कश्मीर के आरएसपुरा और अरनिया सेक्टर, सांबा के रामगढ़ सेक्टर तथा कठुआ के हीरानगर सेक्टर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास आज तड़के गांवों को निशाना बनाकर गोलीबारी की जिसमें बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया है जबकि एक घायल हो गया है। शहीद जवान हैड कांस्टेबल जगपाल सिंह निवासी हरियाणा और घायल जवान आदर्श है। वहीं दो नागरिकों की भी मौत हो गई है और 14 नागरिक घायल हुए हैं।। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के आज तड़के आरएसपुरा और अरनिया सेक्टर में गोलीबारी की। अधिकारी के मुताबिक बीएसएफ के जवान पाकिस्तान की इस गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं।
पाकिस्तानी सेना की ओर से की गई इस गोलीबारी में मारे गए लोगों की पहचान अरनिया सेक्टर की बचनो देवी(50) और आरएसपुरा सेक्टर के साहिल(25) के रूप में की गई है। गोलीबारी में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार पांच लोग हीरानगर सेक्टर में, 3 रामगढ़ और 6 आरएसपुरा सेक्टर में घायल हुए हैं। इससे पहले गुरुवार को पाकिस्तानी सेना की ओर से अरनिया सेक्टर में की गई गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था। गौरतलब है कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक के के शर्मा ने कल अपने एक बयान में कहा था कि जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास स्थिति काफी तनावपूर्ण है। (एजेंसी)





