हियुवा जिलाध्यक्ष ने भारतीय दूतावास को लिखा पत्र
आई एन न्यूज ब्यूरो महराजगंज: हिन्दू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य नर सिंह पांडेय ने नेपाल में स्थित भारतीय दूतावास को पत्र भेजकर नेपाल के नवल परासी से शराब की फैक्ट्रियों से निकलने वाले दूषित पानी को झरही नदी में आने से रोक लगाने की मांग की है। दूतावास को भेजे गए पत्र में लिखा है कि नेपाल राष्ट्र से निकली झरही उर्फ प्यास नदी भारतीय सीमा क्षेत्र के महराजगंज जिले के ठूठीबारी, राजबारी, जिगिनिहवा, सिहाभार आदि ग्राम सभाओं के विभिन्न टोलों से बहती हुई सोहगीबरवा जंगल से होते हुए आगे निकल जाती है। गर्मी के दिनों में गांव तथा जंगल के जीव-जंतु झरही नदी के पानी से अपनी प्यास बुझाते हैं। करीब एक वर्ष से नेपाल के नवल परासी जिले में शराब बनाने की फैक्ट्री तथा चमड़ा उद्योग का गंदा पानी झरही नदी में गिराए जाने से नदी का पानी दूषित व जहरीला हो गया है। दूषित पानी पीने से आए दिन जानवरों की मौत हो रही है तथा इसके दुर्गंध से नदी के अगल-बगल बसे गांवों के लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। इस बात से क्षेत्रीय जनता में बेहद आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने शराब तथा चमड़े की फैक्ट्रियों से निकलने वाले दूषित पानी को झरही नदी में आने से रोक लगाने की मांग की है।





