नेपाल के पाल्पा में भीषण सड़क दुर्घटना, 12 की मौत, 27 घायल
नेपाल में भीषण सड़क दुर्घटना, 12 की मौत, 27 घायल
आई एन न्यूज डेस्क काठमांडू। भारत के पड़ोसी मुल्क नेपाल में भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। जानकारी के मुताबिक पश्चिमी नेपाल के पाल्पा जिले में शुक्रवार को एक बस सड़क से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई जबकि 27 अन्य घायल हो गए। दुर्घटना हमीन धाराडी के जंगली इलाके में हुई।
दुर्घटनास्थल पाल्पा जिला मुख्यालय से 24 किलोमीटर दूर है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने 27 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। गंभीर रूप से घायल 10 लोगों का तानसेन नगर स्थित यूनाइटेड मिशन अस्पताल में इलाज जारी है। पाल्पा जिले के पुलिस अधीक्षक दिल्लीराज पंता ने बताया कि यात्रियों से भरी बस सड़क से फिसलकर करीब 15 मीटर दूर जा गिरी।
तानसेन नगर से रामपुर जा रही थी बस
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक बस में सवार यात्री अर्थव्यवस्था से जुड़ी एक छोटी संस्था से संबंधित थे। जानकारी के मुताबिक बस तानसेन नगर से रामपुर जा रही थी। जिला पुलिस अधीक्षक दिल्लीराज पंता ने बताया कि आर्थिक को-ऑपरेटिव सोसाइटी के लोगों से भरी बस शैक्षणिक भ्रमण के लिए जा रही थी।
पंता ने बताया कि दुर्घटना का कारण हाइवे पर जबरदस्त फिसलन होना है। खबर लिखे जाने तक राहत और बचाव कार्य जारी है। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है।





