दिल्ली में पारा 2.0 डिग्री, बर्फीली ठंड से यूपी में 57 मौतें, रेड अलर्ट जारी
दिल्ली में पारा 2.0 डिग्री, बर्फीली ठंड से यूपी में 57 मौतें, रेड अलर्ट जारी
आई एन न्यूज नई दिल्ली डेस्क: पहाड़ों पर बर्फबारी, सर्द हवाओं और घने कोहरे के कारण देश की राजधानी दिल्ली समेत समूचा उत्तर भारत बर्फीली ठंड से जम गया है। शनिवार को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश में जबरदस्त शीत लहर से जनजीवन थम सा गया।
पारा रोजाना नए रिकॉर्ड बना रहा है। दिल्ली के सराय काले खान इलाके में सुबह तापमान गिरकर 2.0 डिग्री तक चला गया। दिसंबर में इस सीजन का यह न्यूनतम तापमान है। सर्दी के बदतर हालात को देख मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, यूपी के कानपुर में यह दो डिग्री रहा। ठंड को देखते हुए छह राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली शामिल हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश में ठंड के कहर के चलते ज्यादातर शहरों में पारा जमाव बिंदु के करीब जा पहुंचा है। न्यूनतम तापमान शनिवार को अलीगढ़ में 1.8 डिग्री, बहराइच में 2.0 डिग्री, बरेली में 3.1 डिग्री, झांसी में 2.3 डिग्री, कानपुर में 2.0 डिग्री और लखनऊ में 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। स्थिति यह है कि घर के अंदर रजाई में भी राहत नहीं मिल रही। ठंड की वजह से विभिन्न जिलों में 57 लोगों की मौत हो गई है। कानपुर में शनिवार को एक झटके में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री लुढ़ककर रिकॉर्ड 2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी चेतावनी में कहा गया है कि आगामी 31 दिसंबर तक प्रदेश में कोल्ड डे रहेगा। 1 से 3 जनवरी तक बारिश हो सकती है। मौसम खराब होने के कारण बस, ट्रेन और विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं।





