नेपाली पुलिस ने छात्रों पर बरसाई लाठी, झोंका फायर – गिरफ्तार छात्रों की रिहाई की मांग को लेकर स्कूल से रैली निकाल रहे थे छात्र
नेपाली पुलिस ने छात्रों पर बरसाई लाठी, झोंका फायर
– गिरफ्तार छात्रों की रिहाई की मांग को लेकर स्कूल से रैली निकाल रहे थे छात्र
– एक छात्र की हालत गंभीर, भर्ती
– ग्रामीणों ने तीन पुलिसकर्मियों को भी पीटा, तनाव बरकरार
आईएन न्यूज ब्यूरो नेपाल: ( धर्मेंद्र चौधरी की रिपोर्ट )
नेपाल के रुपंदेही जिला के बगौली व ओडवलिया गांव में रविवार को माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। यहां नेपाली प्रशासन ने बर्बरता दिखाते हुये स्कूली छात्रों पर लाठी बरसाई और फायर भी झोंके। फायरिंग में रामकरण कोहार (17 वर्ष ) को गोली लग गयी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि भगदड़ से एक छात्रा का हाथ टूट जाने तथा 12 अन्य के घायल हो जाने की खबर है।
पूरी घटना पर नजर डालें तो शुक्रवार को मझगांवा के पास पुलिस ने कुछ छात्रों को भी गिरफ्तार कर लिया था। जिसके रिहाई के मांग को लेकर स्वतंत्र विद्यार्थी यूनियन के आह्वान पर रुपंदेही व नवलपरासी क्षेत्र के स्कूलों को बंद कर रैली निकालने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में रविवार को बगौली गाविस के ओडवलिया के पास के स्कूल के छात्रों ने रैली निकाली। जिस पर उस क्षेत्र ने पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। जिस पर छात्र पुलिस प्रशासन के विरोध में नारे लगाने लगे। यह देख पुलिसकर्मी आक्रोशित हो गये और छात्रों पर लाठियां चटकानी शुरु कर दी। छात्रों को पिटता देख ग्रामीण वहां जुट गये और पुलिस कर्मियों से भिड गये। ग्रामीणों ने तीन पुलिस कर्मियों को जमकर पीटा। इस विवाद की सूचना जैसे ही भैरहवा पहुंची, वहां से पुलिस की दर्जनों गाड़ियां गांव में पहुंची और विद्यालय पर एकत्र छात्रों और ग्रामीणों पर करीब पांच राउंड फायर किया जिससे वहां भगदड़ मची और लोग घायल हुये। शाम तक बगौली और ओडवलिया गांव में चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात रही। पुलिस की इस दमनात्मक कार्यवाही से मर्चवार क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। पुलिस ने छापेमारी कर स्वतंत्र मधेश गठबंधन के इरफान अहमद, रामदास बनिया, सुमन मल्लाह व युनुस अंसारी समेत नौ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

