किसानों के देशव्यापी चक्काजाम में आज यूपी नहीं है शामिल
किसानों के देशव्यापी चक्काजाम में आज यूपी नहीं है शामिल
आई एन न्यूज नई दिल्ली डेस्क:
कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर पिछले 60 दिनो से अधिक समय से किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसान आंदोलन को और धार देने के लिए संगठनों ने आज देशव्यापी चक्का जाम का ऐलान किया है।
किसानों के इस चक्का जाम को कांग्रेस समेत कई पार्टियों का समर्थन प्राप्त है। हालांकि, चक्का जाम का असर राजधानी दिल्ली में नहीं होगा।
प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा है कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में आज शनिवार को चक्का जाम नहीं होगा। किसान देश के अन्य हिस्सों में शांतिपूर्ण तरीके से तीन घंटे के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों को बाधित करेंगे।
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने कहा कि ‘चक्का जाम’ के दौरान एंबुलेंस और स्कूल बस जैसी आवश्यक सेवाओं को नहीं रोका जाएगा। ‘चक्का जाम’ शनिवार को दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक किये जाने का प्रस्ताव है।
भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि शनिवार को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं होगा, लेकिन इन दोनों राज्यों के किसानों को किसी भी समय दिल्ली बुलाया जा सकता है।
दरअसल, गणतंत्र दिवस को किए गए ट्रैक्टर मार्च के बाद यह किसानों की ओर से किया जाने वाला पहला बड़ा इवेंट है। हालांकि, दिल्ली में हुए ट्रैक्टर मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस के साथ किसानों की झड़प देखने को भी मिली थी, लेकिन किसान संगठनों ने वादा किया है कि शनिवार को होने वाला चक्का जाम पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहेगा।





