अज्ञात बदमाश गिरोह से चार गांवों में दहशत
अज्ञात बदमाश गिरोह से चार गांवों में दहशत
– शिकायतों के बाद भी सुस्त सोनौली पुलिस
आईएन न्यूज, नौतनवा/ सोनौली:
सोनौली कोतवाली क्षेत्र के कुछ गांवों में इन दिनों असलहों से लैस एक गिरोह से जहां ग्रामीण दहशत में हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस मामले को गंभीरता से न लेकर कोतवाली और चौकियों पर आराम फरमा रही है।
ये बदमाश दिन का उजाला हो या रात का अंधेरा, बिना किसी भय के किसी के घर में घुस मारपीट और लूट को अंजाम दे रहे हैं। मामला तब प्रकाश में आया जब हरदी डाली गांव में शुक्रवार की रात दीपक गुप्ता के घर में दर्जनों बदमाश घुस गये। मारपीट कर दीपक और उसकी पत्नी को घायल कर दिया।
गांव वालों ने पहले तो इसे गांव में होने वाले सामान्यतः विवाद की तरह समझा। मगर सुबह जब यह पता चला कि हमलावर अज्ञात लोग थे, तो मामले में तरह तरह की चर्चाओं ने तूल पकड़ लिया। इसी बीच गांव के ही निवासी बबलू चौधरी तथा राहुल ने भी कुछ माह पूर्व अपने साथ ऐसी ही अज्ञात बदमाशों द्वारा घर में घुस कर मारपीट व लूटपाट की बात स्वीकारी। बात व शिकायत सोनौली के खनुआ चौकी पर पहुंची। चौकी इंचार्ज रामनगीना यादव ने तत्काल तो ग्रामीणों को आश्वाशन दिया कि पुलिस अज्ञात बदमाशों को पकड़ लेगी। परंतु पुलिस द्वारा कोई मुकदमा न दर्ज करना और मामले में एक रसूखदार का पैरवी करना इस बात का इशारा है। पुलिस व कुछ लोगों के संरक्षण में एक गिरोह संचालित किया जा रहा है। बड़ा सवाल यह कि इस तरह के गंभीर मुद्दे पर पुलिस की सुस्ती क्यों?








































