पूर्व विधायक मुन्ना सिंह पर भाजपा का पलटवार, कार्यकर्ताओं ने दी मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी
पूर्व विधायक मुन्ना सिंह पर भाजपा का पलटवार, कार्यकर्ताओं ने दी मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी
आई एन न्यूज़, नौतनवा डेस्क: भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक मुन्ना सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा के महाराजगंज जिले के महामंत्री प्रदीप सिंह ने नौतनवा स्थित डाक बंगले पर प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि जिनके विरुद्ध 21 मुकदमे दर्ज हैं, उन्हें माफिया और दबंग नहीं कहा जाएगा तो क्या कहा जाएगा? उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूर्व विधायक मुन्ना सिंह के लीगल नोटिस का इंतजार कर रहे हैं और जैसे ही वह भेजा जाएगा, कार्यकर्ता उनके विरुद्ध न्यायालय में मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।
महामंत्री प्रदीप सिंह ने कहा कि नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी की बढ़ती लोकप्रियता से कुछ लोग बौखला गए हैं, जिन्हें जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है। ऐसे लोग अब विधायक का नाम लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेमरहवा पुल और रोहिन बैराज जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे क्षेत्र की जनता से जुड़े हैं, जिन पर सदन में चर्चा कराना आवश्यक था। विधायक ऋषि त्रिपाठी ने इन मामलों को लेकर सदन का ध्यान आकर्षित किया है, जिससे जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि विधायक ऋषि त्रिपाठी इस विधानसभा क्षेत्र के पहले ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने अपनी निजी संपत्ति पर मकान निर्माण के लिए मिट्टी गिरवाने की विधिवत अनुमति जिलाधिकारी से ली। लेकिन जो लोग सरकारी पशु अस्पताल और दाल मिल पर कब्जा जमाए बैठे हैं, वे आज नियम और कानून की दुहाई दे रहे हैं। ऐसे लोगों को पहले अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहा है और विधायक ऋषि त्रिपाठी जनता की भलाई के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर नौतनवा ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, मंडल अध्यक्ष ऋषिकेश, मंडल महामंत्री गजाधर दूबे, विजय उपाध्याय, राजेश यादव सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





