पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की गला घोंटकर की हत्या, शव के नीचे दबाया सांप
पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की गला घोंटकर की हत्या, शव के नीचे दबाया सांप
आई एन न्यूज मेरठ डेस्क : मेरठ जिले में एक बार फिर मर्चेंट नेवी अफसर सौरभ हत्याकांड जैसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सोते वक्त पति का गला घोंटकर कत्ल कर दिया। हत्या के बाद सबूत छिपाने के लिए शव के नीचे एक ज़िंदा सांप को दबा दिया गया। दबे होने पर सांप ने युवक को करीब 10 बार डस लिया।
घटना के बाद आरोपी प्रेमी को महिला ने घर से भगा दिया और खुद ऐसे बर्ताव किया जैसे कुछ हुआ ही न हो। वह दूसरे कमरे में जाकर सो गई। अगली सुबह जब घरवाले जागे तो देखा कि युवक मृत पड़ा है और उसके हाथ के नीचे एक ज़िंदा सांप दबा हुआ है। शरीर पर सांप के डसने के कई निशान देखकर परिजनों को पहले यही लगा कि युवक की मौत सांप के काटने से हुई है।
हालांकि, बुधवार देर शाम जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई तो सच्चाई सामने आई। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवक की मौत दम घुटने से हुई है, ना कि सांप के डसने से। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला का अपने प्रेमी के साथ अवैध संबंध था और पति इस रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसलिए दोनों ने मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह वारदात पूरे इलाके में सनसनी फैलाने वाली बन गई है।
उत्तर प्रदेश।





