स्वच्छता के क्षेत्र में नौतनवा को अग्रणी बनाने हेतु अध्यक्ष ने की महत्वपूर्ण बैठक
स्वच्छता के क्षेत्र में नौतनवा को अग्रणी बनाने हेतु अध्यक्ष ने की महत्वपूर्ण बैठक
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क :
नगर पालिका परिषद नौतनवा के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, क्षेत्रीय नगर एवं पर्यावरण अध्ययन केंद्र, लखनऊ द्वारा आयोजित दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत आज नौतनवा लौट आए। लौटते ही उन्होंने अपने आवास पर नगर पालिका परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारी के साथ एक अहम बैठक की।
इस बैठक में शहरी स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नागरिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। बैठक के दौरान श्री त्रिपाठी ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 से संबंधित योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने हेतु नगर निकायों की दक्षता बढ़ाने के लिए विशेषज्ञों से प्राप्त जानकारियों को साझा किया।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण नगर पालिका की कार्यक्षमता को और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा। श्री त्रिपाठी ने कहा, “यह एक सार्थक कदम है जो स्वच्छता के क्षेत्र में नौतनवा नगर को एक नई दिशा और मुकाम दिलाने में मदद करेगा।”
इस अवसर पर उन्होंने यह भी दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत संकल्प को साकार करने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने नगरवासियों से भी आह्वान किया कि वे स्वच्छता अभियान में भागीदार बनें और स्वच्छ, स्वस्थ तथा सुंदर नौतनवा के निर्माण में सहयोग करें।
बैठक में नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे जिन्होंने अध्यक्ष के मार्गदर्शन में आगे की रणनीति तय करने पर सहमति जताई।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





